
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” के विजन को साकार करने के लिए दून पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन पर थानाध्यक्ष प्रेमनगर कुंदन राम ने मंगलवार को UPES यूनिवर्सिटी में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया।

गोष्ठी में यूनिवर्सिटी के पदाधिकारी, पीजी व हॉस्टल संचालक शामिल हुए। इस दौरान दून पुलिस ने छात्रों से भरवाए जा रहे कांसेंट फॉर्म/शपथ पत्र का फीडबैक लिया और नशे के खिलाफ उनकी भागीदारी पर चर्चा की।
पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि किसी भी पीजी या हॉस्टल में ड्रग्स सेवन या बिक्री की शिकायत मिलती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गोष्ठी में यह निर्णय भी लिया गया कि प्रत्येक माह इसी प्रकार की मीटिंग आयोजित की जाएगी, ताकि ड्रग्स के खिलाफ संयुक्त रूप से ठोस कार्यवाही की जा सके।
इस मौके पर सभी पदाधिकारियों व संचालकों ने संकल्प लिया कि वे दून पुलिस के ड्रग्स फ्री कैम्पस अभियान को सफल बनाने में हर संभव सहयोग करेंगे।



