देहरादून
सहस्त्रधारा रोड स्थित “द मैग्नोलियाज रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन” ने एक मानवीय और सराहनीय कदम उठाते हुए अपने आसपास बढ़ रही लावारिस कुत्तों की समस्या का समाधान संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ किया है। सोसाइटी ने रायवाला स्थित नवदीप फाउंडेशन के सहयोग से और संस्था के मालिक अनुज के नेतृत्व में सभी लावारिस कुत्तों को सुरक्षित रूप से वहां स्थानांतरित कराया है, जहाँ उन्हें भोजन, देखभाल और आश्रय की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

इस पहल के तहत सोसाइटी ने संस्था को ₹25,000 की एकमुश्त राशि सहयोग स्वरूप प्रदान की है, ताकि इन बेसहारा जानवरों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
सोसाइटी के महासचिव डॉ. शबीर अहमद ने बताया कि यह कदम सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उठाया गया है, जिसमें आवारा पशुओं के प्रति संवेदनशील और मानवीय व्यवहार की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि “समाज में इंसानों के साथ-साथ जानवरों के अधिकारों का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है। यह पहल सिर्फ एक समस्या का समाधान नहीं, बल्कि करुणा और जिम्मेदारी का संदेश है।”
उन्होंने आगे कहा कि एसोसिएशन भविष्य में भी ऐसी सामाजिक और जनहितकारी पहलों को जारी रखेगी, ताकि एक स्वच्छ, सुरक्षित और संवेदनशील समाज का निर्माण किया जा सके।
स्थानीय निवासियों ने भी इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल अन्य सोसाइटियों और रेजिडेंट ग्रुप्स के लिए एक प्रेरणा है। जहां एक ओर लावारिस कुत्तों से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, वहीं दूसरी ओर इन जानवरों को एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिला है।
इस निर्णय से कई लोगों को सीख लेनी चाहिए कि समाज तभी आगे बढ़ता है जब वह अपने आसपास की हर ज़िंदगी के प्रति दया, समझ और ज़िम्मेदारी का भाव रखता है। मैग्नोलिया सोसाइटी की यह पहल बताती है कि समाधान हमेशा संवेदना से शुरू होता है।



