
देहरादून
देहरादून यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने बुधवार को एक बड़े हादसे को होने से पहले ही टाल दिया। दिनांक 18 दिसंबर 2025 को प्रभारी निरीक्षक सीपीयू नरेश कुमार अपने हमराह कांस्टेबल गौरव कुमार एवं कांस्टेबल अरुण गिरी के साथ आईएसबीटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु भ्रमणशील थे।
करीब 11:30 बजे, सेंट ज्यूड्स चौक पर ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम ने शिमला बाईपास की ओर से आ रही एक बस से तेज धुआं निकलते हुए देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्रभारी निरीक्षक ने बिना समय गंवाए बस को तुरंत सड़क किनारे रुकवाया। बस रुकते ही उसमें आग लगने की पुष्टि हुई।
इस आपात स्थिति में यातायात पुलिस कर्मियों ने अद्भुत साहस और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना जलती बस में प्रवेश किया और तमिलनाडु से ऑल इंडिया टूर पर जा रहे 50 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस संख्या DD01Z-9539 आग की चपेट में आकर लगभग 50–60 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि छात्रों का सामान बाहर नहीं निकाला जा सका।
यातायात पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी छात्र पूरी तरह सुरक्षित रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने यातायात पुलिस की इस सराहनीय पहल की खुलकर प्रशंसा की।
यह घटना देहरादून यातायात पुलिस की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।
बस से धुआं निकलता देख हमारे ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने तुरंत बचाव कार्य किया। हमारी प्राथमिकता छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने की थी। -लोकजीत सिंह, एसपी ट्रैफिक



