
पौड़ी गढ़वाल जनपद में एसएसपी सर्वेश पंवार द्वारा जारी किए गए निरीक्षक एवं दरोगाओं के तबादला आदेशों को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है। मामले में आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने हस्तक्षेप करते हुए एक नया आदेश जारी किया है।

आईजी गढ़वाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एसएसपी पौड़ी की ओर से प्रस्तावित तबादलों में थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला के कार्यभार परिवर्तन को फिलहाल रोक दिया गया है, जबकि शेष सभी तबादलों को हरी झंडी दे दी गई है।
दरअसल, थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला उपनिरीक्षक भुवन चंद्र पुजारी का तबादला हाल ही में प्रभारी एफएसएल यूनिट श्रीनगर किया गया था। वहीं उनके स्थान पर कुछ दिन पहले ही आईएसबीटी चौकी, पौड़ी से हर्ष अरोड़ा को लक्ष्मणझूला में तैनाती दी गई थी। लेकिन आईजी गढ़वाल के संज्ञान में आया कि भुवन चंद्र पुजारी को थाना प्रभारी पद से हटाए जाने का कोई ठोस कारण पत्र में उल्लेखित नहीं है, जबकि उन्हें महज 20 दिन ही कार्यभार संभाले हुए हुए थे।
इसी आधार पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने एसएसपी पौड़ी को निर्देशित किया कि थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला के कार्यभार परिवर्तन को छोड़कर शेष तबादला प्रस्तावों को स्वीकृति दी जाती है और आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
इस आदेश के बाद पौड़ी पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और तबादला नीति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।



