
देहरादून
राजधानी के मंडुवाला क्षेत्र में स्थित Dev Bhoomi Uttarakhand University (डीबीयूयू) के समीप लंबे समय से उपेक्षित और कचरे से भरे एक ‘डार्क स्पॉट’ को विश्वविद्यालय की छात्रा आस्था सैनी ने अपने संकल्प और सामुदायिक सहयोग से स्वच्छ एवं प्रेरणादायक स्थल में बदल दिया।
जहां अधिकांश लोग इस स्थान को नजरअंदाज कर देते थे, वहीं आस्था सैनी ने इसे सकारात्मक बदलाव के अवसर के रूप में लिया। उन्होंने सबसे पहले क्षेत्र की स्थिति का आकलन किया और स्थानीय समुदाय व जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान में ग्राम प्रधान वर्षा उनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित शर्मा तथा Waste Warriors Society की YUWA टीम सदस्य ओशनिका भट्ट ने सक्रिय भूमिका निभाई। विशेष रूप से YUWA टीम ने रणनीतिक मार्गदर्शन, युवाओं की सहभागिता और नियमित फॉलो-अप के माध्यम से इस डार्क स्पॉट को स्थायी रूप से परिवर्तित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
साइनबोर्ड की स्थापना और पूरे अभियान को सफल बनाने में YUWA टीम के सदस्य रिया चौधरी, ओशनिका भट्ट एवं अवधेश पुंडीर ने विशेष भूमिका निभाई।
टीम ने स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और Mussoorie Dehradun Development Authority (MDDA) के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया।
सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयास से भारी मात्रा में कचरा हटाया गया, क्षेत्र की नियमित सफाई की व्यवस्था बनाई गई और स्थानीय युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। लगाए गए साइनबोर्ड अब राहगीरों और विद्यार्थियों को कचरा न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं।
आस्था सैनी की यह पहल दर्शाती है कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और सामुदायिक सहयोग मिले तो वे किसी भी उपेक्षित स्थान को सकारात्मक परिवर्तन के केंद्र में बदल सकते हैं। मंडुवाला क्षेत्र में यह अभियान अब प्रेरणा का स्रोत बन चुका है और सक्रिय नागरिक भागीदारी का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।



