विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी: 14 एजेंट और कंपनियां चिन्हित, मंत्रालय ने कसा शिकंजा

उत्तराखंड। विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर युवाओं से ठगी करने वाले कबूतरबाजों पर विदेश मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। मंत्रालय ने उत्तराखंड में सक्रिय 14 एजेंट और कंपनियों को चिन्हित किया है, जो विदेश भेजने के नाम पर युवाओं से मोटी रकम वसूल रहे थे। कई युवाओं के विदेश पहुंचने के बाद ठगी का शिकार होने और वहां परेशानियों का सामना करने की शिकायतों के बाद मंत्रालय ने यह कार्रवाई की है। इन सभी एजेंसियों की सूची मंत्रालय की वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई है।
कई एजेंसियां बंद, कुछ अब भी सक्रिय
सूची में शामिल एजेंसियों की पड़ताल में सामने आया कि देहरादून के बल्लीवाला स्थित फास्ट ट्रैक ओवरसीज इंडिया का कार्यालय बंद मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां पहले ठगी के मामलों को लेकर हंगामा भी हो चुका है।
राजपुर रोड स्थित जीबीसी सॉल्यूशंस का दफ्तर संचालित पाया गया, जहां विदेश में नौकरी दिलाने के दावे किए जा रहे हैं।
यूएसनगर जिले के काशीपुर में इनफीवे इमीग्रेशन आईलेट्स का कार्यालय खुला मिला, जबकि रुद्रपुर के आवास विकास में अब्रॉड जॉब वाला सेंटर बंद पाया गया। गाबा चौक, रुद्रपुर स्थित गैलेक्सी ओवरसीज का काम जारी है। रामनगर में सूचीबद्ध एक कंपनी का दिए गए पते पर कोई कार्यालय नहीं मिला।
सूची में शामिल एजेंसियां और एजेंट
इनफीवे इमीग्रेशन आईलेट्स, काशीपुर
अब्रॉड जॉब वाला, आवास विकास, रुद्रपुर
गैलेक्सी ओवरसीज, गाबा चौक, रुद्रपुर
फास्ट ट्रैक ओवरसीज इंडिया, बल्लीवाला चौक, देहरादून
केजी एंटरप्राइज, रामनगर, रुड़की
एजेंट दानिश, शाहरुख और सैफ, शिवलालपुर, रामनगर
शशि प्रिटोरियस, देहरादून
जखीर और हकुम, लक्सर, हरिद्वार
साजिद अली, उत्तराखंड
विमरो इंटरनेशनल, श्यामपुर बाईपास, ऋषिकेश
जीबीसी सॉल्यूशंस, राजपुर रोड, देहरादून
गुड्डू, उत्तराखंड
फारूक, उत्तराखंड
सब्बू, उत्तराखंड
एसटीएफ ने तेज की जांच
इन एजेंसियों के खिलाफ शिकायतों के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भी जांच तेज कर दी है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि विदेश मंत्रालय में दर्ज शिकायतों का पूरा ब्योरा मांगा गया है। रिपोर्ट मिलते ही संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय पुलिस ने भी अपने स्तर पर इन एजेंसियों की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



