उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

76 साल की ‘दादी’ के नेतृत्व में ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने वाला गैंग गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप से लाखों रुपये की सोने की चेन गायब करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खास बात यह रही कि इस गैंग का नेतृत्व 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला कर रही थी, जो पूरे आत्मविश्वास के साथ ग्राहक बनकर दुकानों में प्रवेश करती थी।

8 मई को हुई थी वारदात

डोईवाला नगर चौक स्थित सुरेंद्र कुमार कक्कड़ की ज्वेलरी दुकान से 8 मई को छह सोने की चेन चोरी हो गई थीं। चोरी गए गहनों की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई। घटना के बाद से पुलिस गिरोह की तलाश में जुटी थी।

कोतवाल कुमल कुमार लुंठी के अनुसार, यह गिरोह महाराष्ट्र के रायगढ़ क्षेत्र से आया था।

‘दादी’ का था अलग अंदाज

पुलिस के मुताबिक 76 वर्षीय विमला (निवासी पांडुरंग, रायगढ़) गिरोह का नेतृत्व कर रही थी। वह संभ्रांत ग्राहक की तरह दुकान में प्रवेश करतीं और मोलभाव के दौरान दुकानदारों को उलझाए रखतीं।

इसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग डिजाइन दिखाने और बातचीत में व्यस्त रखने के बहाने कर्मचारियों का ध्यान भटकाते और मौका मिलते ही कीमती गहनों पर हाथ साफ कर देते।

पहले भी कर चुके थे कोशिश

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने देहरादून के अन्य ज्वेलर्स की दुकानों की भी रेकी की थी, लेकिन वहां के व्यापारियों की सतर्कता के कारण वे सफल नहीं हो सके। डोईवाला में बुजुर्ग दुकानदार को निशाना बनाकर उन्होंने चोरी को अंजाम दिया।

हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तारी

वारदात के बाद आरोपी महाराष्ट्र भागने की तैयारी में थे। गुरुवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते समय डोईवाला पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई सभी छह सोने की चेन बरामद कर ली हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!