उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने 483 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर दिया जोर

Listen to this article

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सिंचाई विभाग के 473 और कृषि विभाग के 10 पद शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि खंडूड़ी जी ने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा से हो।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज युवाओं को दिए जा रहे नियुक्ति पत्र इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति पत्र प्रतिभाशाली युवाओं की मेहनत, लगन और संकल्प का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि चयनित युवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और राज्य व राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग, परिवार का संघर्ष और वर्षों की मेहनत छिपी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी होती है, तभी व्यवस्था में योग्य और ईमानदार लोग आते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। आज सरकारी नौकरियों में चयन मेहनत और प्रतिभा के आधार पर हो रहा है और यही नई कार्यसंस्कृति उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत बन रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि पिछले चार वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि राज्य का बजट आकार अब एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। साथ ही बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड गिरावट आई है और रिवर्स पलायन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पहाड़ का युवा पलायन नहीं, बल्कि अपने प्रदेश में संभावनाएं देख रहा है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!