विदेश में रह रही महिला को मृत दिखाकर करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश, मेरठ से किया आरोपी को गिरफ्तार

देहरादून: देहरादून में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डालनवाला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विदेश में रह रही महिला का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर उसकी भूमि के दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी के जरिए जमीन का बैनामा कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता रक्षा सिन्हा, निवासी राजपुर रोड आर्य नगर, ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमित मैगी और उसके साथियों ने उन्हें मृत दर्शाते हुए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया। इसके बाद उनकी भूमि से संबंधित नकली दस्तावेज बनाकर जमीन अपने नाम कराने की साजिश रची गई और धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
मामले में वर्ष 2018 में डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों राजीव देओल, कुलदीप सिंह और विनय बिश्नोई को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
सीओ डालनवाला नितिन लोहनी ने बताया कि फरार आरोपी रविन्द्र कुमार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की और मेरठ से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह मामला देहरादून में जमीन से जुड़े बड़े फर्जीवाड़ों में से एक माना जा रहा है, जिसमें विदेश में रह रही महिला को कागजों में मृत दिखाकर उसकी संपत्ति हड़पने की कोशिश की गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।



