उत्तराखंड

चारधाम यात्रा प्रबंधन पर मुख्यमंत्री की नजर, ट्रांजिट कैंप में किया निरीक्षण

Listen to this article

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों की जानकारी ली।

 

मुख्यमंत्री ने चारधाम दर्शन कर लौटे यात्रियों से सुरक्षा, सुविधाओं और यात्रा प्रबंधन को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया। ट्रांजिट कैंप में मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई यात्रियों ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की, जबकि कुछ ने अपने सुझाव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी भी खिंचवाईं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा वर्तमान में सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सरकार का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

 

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार, प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होती रहेंगी। चारधाम यात्रा के चरम सीजन के बीच मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण को यात्रा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!