उत्तराखंड

भारी बारिश बनी हादसे की वजह! 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो घायल

Listen to this article

चंपावत। जिले के लोहाघाट तहसील क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाराकोट के गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग पर बसौटी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

 

जानकारी के अनुसार ढटी गांव निवासी नवीन कुमार (44) पुत्र महेश राम अपने 18 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के साथ अल्टो कार संख्या UK 03 2484 से लोहाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे बसौटी के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण सड़क पर मलबा और कीचड़ जमा था। इसी वजह से कार फिसल गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे यह हादसा हुआ।

 

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण राहत और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया। बचाव कार्य में ललित सिंह बोहरा, गिरीश सिंह, गोपाल सिंह, सुरेश सिंह, मुकेश राम, नरेश राम, सुमन और भावना समेत कई ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी, डॉ. हिमांशु शरण, डॉ. रविंद्र बोहरा और डॉ. राजीव चौहान की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

 

डॉ. विराज राठी ने बताया कि दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के सांसद Ajay Tamta, विधायक Khushal Singh Adhikari, एसडीएम नीतू डांगर, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना।

 

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!