उत्तराखंड

नगरासू विवाद के बीच जारी रही चारधाम और हेमकुंड यात्रा, प्रशासन ने बताया स्थिति सामान्य

Listen to this article

रुद्रप्रयाग: कर्णप्रयाग तलवारबाजी प्रकरण के बाद रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू गुरुद्वारे में निहंग सिखों के डटे रहने का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। चौथे दिन भी निहंगों का गुरुद्वारे पर कब्जा जारी रहा और वे अपने गिरफ्तार साथियों की रिहाई समेत अन्य मांगों पर अड़े रहे। हालांकि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटनाक्रम का चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है तथा दोनों यात्राएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगरासू में कोई सांप्रदायिक तनाव या व्यापक विवाद की स्थिति नहीं है और मामला गुरुद्वारा परिसर तक सीमित है।

 

प्रशासन के अनुसार निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद निहंग सिख नगरासू गुरुद्वारे में डटे हुए हैं। इस दौरान उनकी मांगों में गिरफ्तार साथियों की रिहाई, स्थानीय लोगों पर भी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। पुलिस ने मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच को चमोली से हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया गया है।

 

वहीं हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। हालांकि नगरासू गुरुद्वारे में लंगर लेने और ठहरने वाले यात्रियों की संख्या में कुछ कमी देखी गई है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से होटल, लॉज और बाजार में कारोबार प्रभावित हुआ है।

 

मामले को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रतिनिधिमंडल भी डीजीपी दीपम सेठ से मिला और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस मुख्यालय ने घटना की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

 

उधर शासन ने भी पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय से तलब की है। सचिव गृह शैलेश बगोली ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने या सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल गुरुद्वारा परिसर में प्रशासन, पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात हैं। अधिकारियों की टीम लगातार निहंगों से वार्ता कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। प्रशासन का दावा है कि यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा संचालन पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!