उत्तराखंड

रुद्रपुर में दिनदहाड़े 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Listen to this article

रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की वारदात से सनसनी फैल गई। मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें 17 वर्षीय किशोर को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

 

कहासुनी के बाद मारी गोली

 

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब पांच बजे लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में ट्रांजिट कैंप निवासी 17 वर्षीय विक्रांत बागी किसी काम से पहुंचा था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने तमंचा निकालकर विक्रांत पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

इलाज के दौरान हुई मौत

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल किशोर को जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

अस्पताल में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

 

किशोर की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया।

 

आरोपी की तलाश में पुलिस

 

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विक्रांत टिब्बा क्षेत्र किस उद्देश्य से गया था।

 

सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

 

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!