हरिद्वार में बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, 3 की मौत, कई घायल

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
फ्लाईओवर पर आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत
पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर जा रहा था। श्यामपुर फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो लोग फ्लाईओवर से नीचे गिरे
हादसे के समय पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे। टक्कर के जोरदार असर से दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
तीन लोगों की मौत, चार का इलाज जारी
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद और एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।
घायलों में अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई और शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में इलाज चल रहा है।
एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा
श्यामपुर क्षेत्र के नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले इसी फ्लाईओवर पर एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।
हादसे की जांच शुरू
सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।



