उत्तराखंड

देहरादून के कालसी में अग्निकांड, किसान के 12 मवेशियों की जलकर मौत

Listen to this article

विकासनगर: देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक किसान परिवार की जिंदगी उजाड़ दी। ग्राम पंचायत भंजरा के मसोटी खेड़ा में स्थित दो मंजिला आवासीय भवन (छानी) में अचानक आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया। हादसे में 12 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि घर में रखा सामान और पशुओं का चारा भी पूरी तरह नष्ट हो गया।

 

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप

 

जानकारी के अनुसार, पशुपालक भोपालू पुत्र काडिया रोज की तरह पशुओं को चारा-पानी देकर अपने गांव पजोटा लौट गए थे। देर रात अचानक भवन में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरे भवन में फैल चुकी थी।

 

12 मवेशियों की दर्दनाक मौत

 

ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर पशुओं को बचाने की कोशिश की। इस दौरान दो बैल और दो बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 8 बकरियां, एक भैंस, दो गाय और एक बछड़ा आग की चपेट में आने से जिंदा जल गए।

 

किसान को भारी आर्थिक नुकसान

 

अग्निकांड में भवन के भीतर रखा घरेलू सामान और पशुओं के लिए संग्रहित चारा भी जलकर राख हो गया। पशुपालन ही भोपालू की आजीविका का मुख्य साधन था, ऐसे में इस हादसे से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

 

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा राणा ने राजस्व विभाग को अवगत कराया। पूर्व बीडीसी सदस्य एवं भाजपा नेता कांति राणा ने एसडीएम कालसी से पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

 

वहीं, तहसीलदार कालसी सुशीला कोठियाल ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के पटवारी को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार राहत सहायता की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!