बारिश बनी आफत: पौड़ी में कार पर गिरा मलबा, 6 लोग बाल-बाल बचे

पौड़ी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब पहाड़ी क्षेत्रों में खतरा बनती जा रही है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के साथ भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इसी बीच पौड़ी जिले के सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर एक कार पर आ गिरे। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के छह लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चलती कार पर गिरा मलबा
जानकारी के अनुसार, थलीसैंण से एक परिवार कार (UK 12 TA 1967) में सवार होकर दिल्ली जा रहा था। सतपुली-पौड़ी मार्ग पर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर कार पर आ गिरे। हादसे में कार के शीशे टूट गए और वाहन का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि सभी यात्री मामूली रूप से घायल हुए।
एक ही परिवार के छह लोग थे सवार
कार में संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), करिश्मा नेगी (36), ओजस नेगी (8), प्रशांत नेगी (13) और वाहन चालक सवार थे। हादसे के बाद सभी घबरा गए, लेकिन समय रहते राहत दल के पहुंचने से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। भारी बारिश और लगातार भूस्खलन की आशंका के बीच रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
एसडीआरएफ ने जारी की एडवाइजरी
एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा के दौरान मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या एसडीआरएफ को सूचना दें।



