भूस्खलन के बाद राहत, स्यानाचट्टी में नया बैली ब्रिज बना, जल्द खुलेगा यमुनोत्री मार्ग

उत्तरकाशी: यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा व्यवस्था बहाल होने की दिशा में बड़ी राहत मिली है। स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनाया गया नया बैली ब्रिज पूरी तरह तैयार हो चुका है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बुधवार से इस पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के भूस्खलन प्रभावित हिस्से को सुरक्षित बनाने के लिए एनएच विभाग किमी 80+300 पर गैबियन सुरक्षा दीवार का निर्माण कर रहा है। विभाग के अनुसार यह कार्य अंतिम चरण में है और बुधवार तक इसे पूरा कर शाम तक मार्ग को यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के दौरान स्यानाचट्टी में भूस्खलन से यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे यमुनोत्री धाम जाने वाला यातायात बाधित हो गया था। तब से एनएच विभाग की टीमें मशीनों के साथ लगातार मार्ग बहाली में जुटी हुई हैं।
इधर, यमुना नदी का जलस्तर घटने के बाद स्यानाचट्टी क्षेत्र में राहत एवं सुरक्षा कार्यों में भी तेजी आई है। नदी में दो पोकलेन मशीनें उतारकर मलबा हटाने, नदी के बहाव को नियंत्रित करने और बस्ती की सुरक्षा के लिए सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का बहाव बस्ती की ओर मुड़ने से खतरा बढ़ गया था, लेकिन अब मशीनों की मदद से नदी की धारा को सुरक्षित दिशा दी जा रही है। इससे क्षेत्र में संभावित बाढ़ और कटाव के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अस्थायी उपायों के साथ-साथ स्थायी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में मानसून के दौरान स्यानाचट्टी और आसपास की बस्तियों को नुकसान से बचाया जा सके।



