देहरादून में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने BTech छात्रा को कुचला, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमनटाउन क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चार खंबा चौक के पास तेज रफ्तार और बेकाबू मिक्सर ट्रैक्टर ने पैदल जा रही 18 वर्षीय BTech छात्रा को कुचल दिया। हादसा छात्रा की बड़ी बहन के सामने हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दिल्ली के शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास की रहने वाली थी और देहरादून स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में BTech प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
बहन के साथ पैदल कमरे की ओर लौट रही थी छात्रा
थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार, घटना रात करीब 8:45 बजे की है। वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ पैदल अपने कमरे की ओर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आए यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
आरोपी चालक हिरासत में, वाहन जब्त
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना में शामिल मिक्सर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
पुलिस के मुताबिक पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
18 वर्षीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत से उसके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।



