उत्तराखंड

कैंट रोड पर कार का संतुलन बिगड़ा, कई वाहनों को रौंदते हुए सब्जी की दुकान में घुसी कार

Listen to this article

देहरादून: शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला देहरादून के कैंट रोड से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार एक सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि एक दुकानदार को हल्की चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि महिला कार चालक अचानक कार का संतुलन खो बैठी। इसके बाद कार कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी और सब्जी की दुकान में जा घुसी। हादसे में वाहनों के साथ-साथ दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने की कोशिश करते नजर आए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद लोगों ने मौके पर हंगामा भी किया था। थाना कैंट प्रभारी शंकर बिष्ट ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। महिला चालक को हिरासत में लिया गया था। शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों और सब्जी की दुकान को हुए नुकसान का भी आकलन कर रही है।

देहरादून में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 19 अगस्त 2026 को डोईवाला के प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के पास भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई थी। इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान गई थी।

उस हादसे के बाद पुलिस ने बताया था कि आगे चल रहे पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया था, जिससे वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के पास जाम लग गया था और काफी देर तक लोग जाम में फंसे रहे थे। इको कार में सात लोग सवार थे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!