उत्तराखंड

संकल्प यात्रा को लेकर कांग्रेस में घमासान, पिया थापा ने महानगर अध्यक्ष पर जताई नाराजगी, फाड़े पोस्टर

Listen to this article

देहरादून: विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस के भीतर अंतर्कलह और गुटबाजी एक बार फिर सामने आई है। कौलागढ़ क्षेत्र में आयोजित संकल्प यात्रा को लेकर कांग्रेस की ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पिया थापा ने नाराजगी जताते हुए कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी का पोस्टर फाड़कर विरोध दर्ज कराया। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी के भीतर चल रही आपसी खींचतान को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

दरअसल, कांग्रेस की संकल्प यात्रा पिया थापा के क्षेत्र कौलागढ़ से होकर गुजरी। यात्रा में कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी शामिल हुए। पिया थापा का आरोप है कि उनके क्षेत्र में यात्रा आयोजित होने के बावजूद उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई और न ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।

पिया थापा के साथ कांग्रेस के गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और स्थानीय निवासी अनिल बस्नेत को भी यात्रा के संबंध में जानकारी नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। पिया थापा का कहना है कि महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह की ओर से उन्हें न तो यात्रा के बारे में अवगत कराया गया और न ही इसमें शामिल होने के लिए बुलाया गया।

नाराज पिया थापा कांग्रेस भवन पहुंचीं और महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह का पोस्टर फाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। घटना के बाद कांग्रेस भवन में पार्टी के भीतर चल रही अंतर्कलह एक बार फिर सार्वजनिक तौर पर सामने आ गई।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है और प्रदेश नेतृत्व पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी उत्तराखंड को गंभीरता से ले रहा है।

शीशपाल बिष्ट ने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता ने दूसरे कार्यकर्ता का पोस्टर फाड़ा है तो इतने बड़े कांग्रेस परिवार में छोटे-मोटे मनमुटाव होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले का संज्ञान लेगी और यदि कहीं कोई दिक्कत है तो उसे दूर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!