
देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी ने निरीक्षक, उपनिरीक्षक, अपर उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक स्तर के 53 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक विनोद गुसाईं को थाना पटेलनगर से थाना डालनवाला का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि नरेश राठौर को प्रेमनगर से पटेलनगर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संतोष कुंवर को शिकायत प्रकोष्ठ पुलिस कार्यालय से थाना कैंट भेजा गया है।
इसी तरह नरेन्द्र गहलावत को डालनवाला से मसूरी, देवेन्द्र चौहान को मसूरी से नेहरू कॉलोनी और प्रदीप रावत को सहसपुर से शिकायत प्रकोष्ठ पुलिस कार्यालय भेजा गया है।
थानाध्यक्षों के साथ चौकी प्रभारियों में भी बदलाव
तबादला सूची में बड़ी संख्या में उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। मोहन सिंह को क्लेमेनटाउन से रायवाला, लोकपाल परमार को सेलाकुई से क्लेमेनटाउन और गिरीश नेगी को प्रेमनगर का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं शैंकी कुमार को बसंत विहार से सेलाकुई और मनोज नौटियाल को नेहरू कॉलोनी से सहसपुर भेजा गया है।
इसके अलावा रायपुर, पटेलनगर, प्रेमनगर, डोईवाला, कैंट, ऋषिकेश, मसूरी, राजपुर, रानीपोखरी, सहसपुर सहित कई थानों और चौकियों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
महिला उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। वदना नेगी, संयोगिता रावत, रजनी चमोली, शालू धारीवाल, अनीता बिष्ट, रश्मि रावत और पिंकी पंवार समेत कई महिला अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एसएसपी के इस व्यापक फेरबदल को जिले में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे पहले भी एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के कार्यकाल में देहरादून पुलिस में कई चरणों में बड़े स्तर पर तबादले किए जा चुके हैं।





