उत्तराखंड

केदारनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए अलर्ट, चीरबासा में रास्ता बंद होने से रोकी आवाजाही, प्रशासन अलर्ट

Listen to this article

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास सोमवार को फिर मलबा और पत्थर आने से रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर यात्रियों की आवाजाही रोक दी है। वहीं, धाम से लौट रहे यात्रियों को बीच के पड़ावों पर सुरक्षित रोका जा रहा है।

गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर आगे चीरबासा के पास सुबह से पैदल मार्ग के सुधारीकरण और मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान केदारनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों को भी सुरक्षित पार कराया जा रहा था। इसी बीच बारिश शुरू होने से दोबारा मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग बंद हो गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चीरबासा में लगातार बारिश के कारण पैदल मार्ग पर दोबारा मलबा और पत्थर आए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड से आगे केदारनाथ धाम की ओर यात्रा रोक दी गई है। मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की आवाजाही के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मार्ग की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यात्रियों से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रुकने तथा मार्ग सामान्य होने तक आगे नहीं बढ़ने की अपील की गई है।

इससे पहले सोमवार सुबह मौसम सामान्य रहने पर हेली सेवा के माध्यम से कुछ यात्री केदारनाथ धाम पहुंचे। पैदल मार्ग पर मलबा आने के बाद अब प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और मार्ग को दोबारा सुरक्षित बनाना है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!