UPL सीजन-3 की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा का विरोध, स्टेडियम के बाहर UKD कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) सीजन-3 के फाइनल के साथ गुरुवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर पहले से चल रहा विरोध स्टेडियम के बाहर भी देखने को मिला। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के कार्यकर्ताओं ने मासूम शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
मासूम शर्मा को UPL सीजन-3 की क्लोजिंग सेरेमनी में प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद से ही विभिन्न संगठनों की ओर से इसका विरोध किया जा रहा था। विरोध का कारण देहरादून के DAV कॉलेज में हुए एक पुराने विवाद को बताया गया। आरोप है कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे, हालांकि बताया गया कि घटना से कुछ मिनट पहले मुख्यमंत्री कार्यक्रम से रवाना हो गए थे।
इसी पुराने प्रकरण का हवाला देते हुए कुछ संगठनों ने मासूम शर्मा को UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में बुलाए जाने पर आपत्ति जताई थी। संगठनों ने कार्यक्रम में उनकी प्रस्तुति रद्द करने की मांग भी की थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिस कलाकार को लेकर पहले देहरादून में विवाद हो चुका है, उसे शहर के बड़े सार्वजनिक आयोजन में मंच नहीं दिया जाना चाहिए।
विरोध करने वाले कुछ संगठन क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के कार्यालय भी पहुंचे थे और मासूम शर्मा की प्रस्तुति रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, क्लोजिंग सेरेमनी में उनकी प्रस्तुति आयोजित की गई।
गुरुवार को UPL का फाइनल मुकाबला चल रहा था और स्टेडियम में क्लोजिंग सेरेमनी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान UKD के कार्यकर्ता स्टेडियम के बाहर पहुंच गए। UKD नेता लूसन टोडरिया, प्रमिला रावत समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मासूम शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की और पुराने विवाद का हवाला देते हुए विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें पुलिस वाहन से मौके से ले जाया गया।
प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री और सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए गए। दरअसल, क्लोजिंग सेरेमनी स्थल पर मुख्यमंत्री के नाम और तस्वीर वाले बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। प्रदर्शनकारियों की ओर से आयोजन से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं होने के कारण इन पोस्टरों के सामने सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पहले ही स्पष्ट किया जा चुका था कि मुख्यमंत्री UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में शामिल नहीं होंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनका विरोध मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर था। आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री के नाम और तस्वीर वाले पोस्टर होने के कारण प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी नारे भी लगे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा देखने को मिली।



