उत्तराखंड में 4.9 तीव्रता के भूकंप से डोली धरती, चमोली रहा केंद्र; दिल्ली-NCR तक महसूस हुए झटके

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से धरती डोल उठी। चमोली जिले में आए भूकंप की तीव्रता 4.9 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र चमोली में जमीन से करीब 13 किलोमीटर नीचे था। इसके झटके उत्तराखंड के कई जिलों के अलावा दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों तक महसूस किए गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप मंगलवार 6 अक्टूबर की रात 10 बजकर 23 मिनट के आसपास आया। इसका केंद्र चमोली जिले में 30.103 अक्षांश और 79.561 देशांतर पर दर्ज किया गया। एनसीएस के रिकॉर्ड के मुताबिक भूकंप का केंद्र जोशीमठ से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण की ओर था।
भूकंप के झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। चमोली के अलावा पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों में लोगों ने झटके महसूस किए। हल्द्वानी और रुद्रपुर में भी रात करीब 10:24 बजे झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई। गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक भूकंप का असर महसूस किया गया।
एनसीएस के अनुसार भूकंप के झटके शिमला से 254 किलोमीटर, कुरुक्षेत्र से 258 किलोमीटर, नोएडा से 273 किलोमीटर, चंडीगढ़ से 275 किलोमीटर और नई दिल्ली से 282 किलोमीटर दूर तक महसूस किए गए।
फिलहाल भूकंप से उत्तराखंड में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि तेज झटकों के चलते लोगों में दहशत का माहौल रहा।
उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में भूकंप के झटकों के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वहीं, प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। देहरादून, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। लक्सर, मंगलौर, लच्छीवाला, डोईवाला, सेलाकुई, हरबर्टपुर, चंबा, घनसाली, टिपरी और झबरेड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना बताई गई है।



