देहरादून ट्रिपल मर्डर का खुलासा, 600 रुपये की मजदूरी के विवाद में प्लंबर ने की तीन हत्याएं

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में राजकुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पेशे से प्लंबर है और पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह 600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को बुजुर्ग दंपती ने राजकुमार को प्लंबिंग के काम के लिए घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद आरोपी ने अपनी मजदूरी के 600 रुपये मांगे। आरोप है कि दंपती उसे 300 रुपये देने लगे, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दंपती ने उसे गालियां भी दीं, जिससे वह गुस्से में आ गया।
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान राजकुमार ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। दंपती की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर तीनों घायल अवस्था में मिले।
तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय रजनी कपूर, 80 वर्षीय रमेश कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में नौकरानी का काम करती थीं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शुरुआती जांच में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है और वर्तमान में इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रहता है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



