चकराता वायरल ऑडियो मामला: सीएम धामी ने पीड़ित परिवार से की बात, जांच के दिए आदेश

देहरादून। कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह व राजपाल सिंह से जुड़े कथित वायरल ऑडियो मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री ने पीड़ित बालकराम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही एसएसपी को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में हर नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए विवश नहीं होने दिया जाएगा। सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले एक कथित ऑडियो वायरल हुआ था। आरोप है कि इसमें चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़ी बातचीत में त्यूणी क्षेत्र के निवासी बालकराम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और धमकी दी गई। मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
भाजपा नेता मधु चौहान ने उठाई थी जांच की मांग
कथित ऑडियो सामने आने के बाद भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग की थी। वहीं, 22 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी वायरल ऑडियो को लेकर बयान देते हुए कहा था कि इसकी जांच जरूरी है।
फिलहाल मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



