
देहरादून
“नई दिल्ली में दून के डॉक्टरों का जलवा, पवन शर्मा और चिराग बहुगुणा बने उत्तराखंड की शान”
उत्तराखंड के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। राज्य के प्रख्यात समाजसेवी एवं वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. पवन शर्मा (द साइकेडेलिक) और नेत्र चिकित्सक डॉ. चिराग बहुगुणा को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के अवॉर्ड और सम्मान से नवाजा गया।

डॉ. पवन शर्मा को मानसिक स्वास्थ्य की जागरूकता, बचाव और समाज सेवा के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने के लिए ‘भारत रत्न आइकॉनिक अवार्ड 2025’ तथा ‘भारत गौरव सम्मान 2025’ दोनों से सम्मानित किया गया। वहीं, डॉ. चिराग बहुगुणा को नेत्र रोगों के निदान और बचाव में उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘भारत रत्न आइकॉनिक अवार्ड 2025’ प्रदान किया गया।
यह सम्मान जीवन जागृति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 11 सितंबर, गुरुवार को प्रदान किए गए। इस आयोजन में देशभर से कई समाजसेवी और प्रोफेशनल्स शामिल हुए। विशेष बात यह रही कि डॉ. पवन शर्मा ने दो श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर उत्तराखंड का मान और ऊंचा किया।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद डॉ. शर्मा और डॉ चिराग़ ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी टीम और सहयोगियों को देते हुए उत्तराखंड की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे आगे भी अपनी संस्था ‘फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी’ के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं और सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराते रहेंगे, ताकि समाज को निरोगी और स्वस्थ बनाया जा सके।
इन उपलब्धियों ने न केवल उत्तराखंड का मान बढ़ाया है, बल्कि युवाओं और समाजसेवियों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत भी प्रस्तुत किया है।



