
देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान शनिवार को हंगामा हो गया। कार्यक्रम में डांस के दौरान छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते झड़प में बदल गया। इस दौरान एक छात्र को चाकू लगने से वह घायल हो गया।
सीएम धामी ने किया था कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा उन्हें अपने कॉलेज के दिन याद दिलाती है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “आप सिर्फ युवा छात्र नहीं हैं, आप देश का वर्तमान भी हैं और भविष्य भी।”
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद कॉलेज परिसर में स्थिति बिगड़ गई।
डांस के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, समारोह में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की लाइव प्रस्तुति चल रही थी। इसी दौरान डांस कर रहे छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
झड़प के दौरान एक छात्र गौरव को चाकू लग गया। उसे तत्काल कॉलेज की डिस्पेंसरी में ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस विवाद के कारणों और चाकू लाने वाले छात्र की पहचान को लेकर जांच कर रही है।



