
देहरादून
देहरादून के मधुबन होटल में आयोजित 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में उत्तराखंड प्रांतीय भौतिक चिकित्सा सेवा संघ ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आलोक त्यागी (पीटी) और प्रदेश महासचिव डॉ. मुनीश (पीटी) के नेतृत्व में संघ ने फिजियोथेरेपिस्ट्स के हितों को लेकर प्रभावी और तथ्यात्मक प्रस्तुति दी।
बैठक का आयोजन सदस्य सचिव पंकज जैन (आईएएस) के नेतृत्व में हुआ, जहां संघ द्वारा प्रस्तुत किए गए तर्कों, दस्तावेजों और ठोस तथ्यों को आयोग ने गंभीरता से सुना। खास बात यह रही कि संघ को चुनिंदा संगठनों के साथ अंतिम प्रस्तुति का अवसर भी प्रदान किया गया—जो उनके प्रयासों की अहम उपलब्धि मानी जा रही है।
संघ ने एंट्री लेवल पर ₹5400 ग्रेड पे (लेवल-10) की मांग को मजबूत आधारों के साथ रखा, जिस पर आयोग का रुख सकारात्मक नजर आया। प्रस्तुति के दौरान फिजियोथेरेपिस्ट्स की भूमिका, जिम्मेदारियों और वर्तमान वेतन विसंगतियों को विस्तार से उजागर किया गया।
संघ को उम्मीद है कि इस सार्थक संवाद के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और प्रदेश के सभी फिजियोथेरेपिस्ट्स को न्यायसंगत वेतनमान मिलेगा।
इस मौके पर डॉ. आलोक त्यागी (पीटी) और डॉ. मुनीश (पीटी) ने अपने प्रभावी प्रस्तुतीकरण से यह स्पष्ट कर दिया कि फिजियोथेरेपिस्ट्स अब अपने अधिकारों के लिए पूरी मजबूती से खड़े हैं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आलोक त्यागी (पीटी) एवं प्रदेश महासचिव डॉ. मुनीश (पीटी) ने सदस्य सचिव पंकज जैन (आईएएस) का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बैठक का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन हुआ, जिससे संघ को अपने पक्ष को प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिला।



