
देहरादून
राजधानी देहरादून में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में गर्मी और रात में ठंड ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। अस्पतालों और क्लीनिकों में खांसी, जुकाम, गले में खराश और हल्के बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक तापमान के उतार-चढ़ाव से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, जिससे मौसमी वायरल तेजी से फैलता है। दिन में पसीना और रात में ठंडी हवा लगना बीमारी का मुख्य कारण बन रहा है।
डॉक्टर की सलाह
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिसिन विभाग के सीनियर रेजिडेंट चिकित्सक डॉ मोहम्मद आमिर खान ने बताया कि आजकल बदलते मौसम में वायरल फीवर सामान्य है और इससे बचाव ही सबसे बड़ा इलाज है।
उन्होंने लोगों को ये सावधानियां बरतने की सलाह दी —
• घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें
• सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनें
• पानी उबालकर या गुनगुना पीएं
• किसी संक्रमित व्यक्ति से दूरी और सावधानी रखें
• सर्दी-खांसी, बुखार जैसे लक्षण दिखने पर नजदीकी उपचार केंद्र में तुरंत जांच कराएं
आम लक्षण
• छींक और नाक बहना
• गले में खराश
• हल्का बुखार
• सिर और बदन दर्द
• सूखी या बलगमी खांसी
डॉ आमिर ने लोगों से अपील की है कि बिना डॉक्टर की सलाह के दवा या एंटीबायोटिक न लें। मौसम में अभी उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है, इसलिए सावधानी और सतर्कता ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।



