उत्तराखंड

देहरादून में जनगणना का आगाज, 2700 ब्लॉकों में बंटा शहर, स्वगणना शुरू

Listen to this article

देहरादून। आपके घर में कितने लोग रहते हैं, परिवार में कौन क्या काम करता है, घर की स्थिति कैसी है – जल्द ही यह सारी जानकारी जनगणना में दर्ज की जाएगी। देहरादून में जनगणना को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने पूरे शहर को करीब 2700 ब्लॉकों में बांट दिया है। हर ब्लॉक में एक प्रगणक को लगभग 700 लोगों का ब्योरा जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।

जनगणना के पहले चरण में सोमवार से स्वगणना यानी खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

नगर निगम के 100 वार्डों में पहले जनगणना के लिए 1927 ब्लॉक बनाए गए थे। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 2700 कर दी गई है, ताकि प्रगणकों को अपने क्षेत्र में जानकारी जुटाने में परेशानी न हो।

स्वगणना को लेकर नगर निगम अब लोगों तक पहुंचने की तैयारी में है। डीएवी-डीबीएस कॉलेज समेत शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। वहां शिक्षकों और विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि स्वगणना कैसे करनी है और उनसे अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की जाएगी। पार्षदों के माध्यम से भी हर वार्ड में लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस माह के अंत तक स्वगणना चलेगी और दिसंबर में जनगणना का मुख्य काम शुरू होगा।

मेयर और मंत्रियों ने की शुरुआत

सोमवार को मेयर सौरभ थपलियाल ने खुद अपनी जानकारी दर्ज कर स्वगणना अभियान की शुरुआत की। उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मंत्री गणेश जोशी और खजानदास ने भी स्वगणना की। नगर निगम जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के जरिये लोगों को जागरूक करेगा।

3000 कर्मियों को ट्रेनिंग, 200 की कमी

जनगणना के लिए नगर निगम में पिछले एक महीने से कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विभिन्न विभागों के तीन हजार से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अभी करीब 200 कर्मचारियों की कमी है। नगर निगम ने विभागों को कर्मचारी भेजने के लिए नोटिस भी दिए हैं।

पहले ही दिन उलझे लोग

उत्तराखंड में सोमवार से स्वगणना शुरू हुई, लेकिन पहले ही दिन कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन सहित कई लोगों ने सफलतापूर्वक अपनी स्वगणना कराई।

माजरा निवासी खुर्शीद अहमद सिद्दीकी ने बताया कि नाम दर्ज करने के बाद पांच-छह चरणों वाले करीब 40 सवालों में वे उलझकर रह गए। नाम, मां-पिता का नाम और उनकी जन्मतिथि के साथ धर्म, बिरादरी और व्यवसाय से जुड़े तकनीकी प्रश्नों का सही उत्तर दे पाना आम आदमी के लिए कठिन है। पोर्टल भी बार-बार बंद हो रहा है। इस प्रक्रिया को सरल किए जाने की जरूरत है।

समाजसेवी एनसी कुलाश्री ने बताया कि स्वगणना की प्रणाली कठिन है। इसे तकनीकी रूप से एक्सपर्ट ही आसानी से कर सकता है। 40 से अधिक सवाल विभिन्न चरणों में पूछे गए हैं। यह प्रक्रिया बेहद उलझाऊ है। एक परिवार की एंट्री में घंटों लग रहे हैं। दस्तावेज अपलोड करते समय विकल्प कई बार काम नहीं कर रहा है। पोर्टल भी बार-बार दिक्कत कर रहा है। इस व्यवस्था को सुगम बनाने की जरूरत है।

सीएम और राज्यपाल ने कराई स्वगणना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को सपरिवार स्व-गणना कराई। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त जानकारी भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या एवं स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी उपयोगी होती है।

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि स्वगणना के लिए तैयार पोर्टल ठीक से काम कर रहा है और मुख्यमंत्री, राज्यपाल के साथ ही राज्य में कई लोगों ने स्वगणना की है। लोगों के आसानी से स्वगणना कर सकें, इसके लिए निदेशालय की ओर से लगातार जागरूकता बढ़ाई जा रही है। आने वाले दिनों में इसमें तेजी आएगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!