
देहरादून
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-I जया बलोनी द्वारा थाना रानीपोखरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान सलामी गार्द द्वारा उन्हें उच्च कोटि की सलामी दी गई। निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण-I ने थाना परिसर में लगाए गए असलाह, एम्युनेशन और अन्य सरकारी संपत्तियों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा पुलिसकर्मियों से असलाह खोलने व जोड़ने की प्रक्रिया कराई।

एसपी बलोनी ने थाना मालखाना का निरीक्षण करते हुए मालखाना मोहर्रिर को पुराने वादों से संबंधित माल के निस्तारण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों और दुराचारी तत्वों पर लगातार निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण करते हुए एसपी ग्रामीण-I ने वहां नियुक्त कर्मियों को जीडी ऑनलाइन संचालित करने, सभी आईआईएफ फॉर्म समय से अपडेट करने और ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों को निरंतर चालू रखने, थाना परिसर में रखे माल मुकदमाती व अन्य वाहनों के शीघ्र निस्तारण तथा थाना मैस की स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष विकेन्द्र चौधरी सहित उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।



