
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझाते हुए एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पहले पति ने ही गला दबाकर की थी। इसके बाद आरोपी ने शव को कट्टे में भरकर मांडूवाला के जंगल में फेंक दिया था।

11 मार्च को मिला था शव
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 11 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव के पास एक रजाई भी पड़ी थी, जिससे उसे ढकने का प्रयास किया गया था।
शव 4 से 5 दिन पुराना होने और चेहरा पूरी तरह खराब हो जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को मोर्चरी में रखवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गला दबाकर की गई है। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच तेज कर दी।
8 टीमों का गठन, 2500 CCTV खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 8 पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग अभियान चलाया और करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन जंगल क्षेत्र होने के कारण कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।
पहचान के लिए चला बड़ा अभियान
मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। करीब 5000 स्थानीय और बाहरी लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही निर्माणाधीन भवनों, हॉस्टलों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों के बीच पंपलेट बांटे गए और सोशल मीडिया के जरिए भी पहचान कराने की कोशिश की गई।
ऐसे खुला राज
19 मार्च को जांच के दौरान पुलिस टीम को कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में जानकारी मिली कि एक मजदूर की पत्नी अचानक गायब हो गई है, जबकि उसकी बच्ची अब किसी दूसरी महिला के साथ दिखाई दे रही है।
ठेकेदार से पूछताछ में पता चला कि मजदूर रंजीत शर्मा की दो पत्नियां हैं। उसकी पहली पत्नी रूपा कुछ समय पहले बच्ची के साथ उसके पास आई थी, लेकिन अचानक गायब हो गई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने भाटोवाला में दबिश देकर रंजीत शर्मा को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने ही अपनी पहली पत्नी रूपा की गला दबाकर हत्या की थी।
हत्या की वजह: दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव
आरोपी ने बताया कि वर्ष 2009 में उसकी शादी रूपा से हुई थी, लेकिन 4 साल पहले वह किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी।
करीब एक साल पहले रूपा वापस उसके संपर्क में आई और 23 फरवरी 2026 को अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ देहरादून आ गई। वह लगातार आरोपी पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
5 मार्च की रात विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी।
4 दिन तक कमरे में छिपाया शव
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कट्टे में भरकर कमरे में रजाई से ढककर करीब 4 दिन तक छिपाए रखा। बाद में 8 मार्च को अपनी दूसरी पत्नी के आने पर उसने बच्ची को उसके पास छोड़ दिया और मोटरसाइकिल से शव को जंगल में ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस बनी खुद वादी
मृतका की पहचान न होने के कारण पुलिस ने खुद वादी बनकर मामले की जांच की और लगातार प्रयासों के बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
आरोपी और मृतका की पहचान
- आरोपी: रंजीत शर्मा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार (हाल निवासी भाटोवाला, देहरादून)
- मृतका: रूपा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार
पुलिस टीम को इनाम
मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल द्वारा ₹5000 और एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।


