
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व और स्पष्ट निर्देशों के तहत दून पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक करने में जुटी है। इसी क्रम में थाना बसंत विहार क्षेत्र में एक प्रभावी यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को रोका गया और उन्हें सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट से बचाव के लिए हेलमेट की अहम भूमिका विस्तार से समझाई गई। केवल समझाइश ही नहीं, बल्कि निःशुल्क हेलमेट वितरण कर दून पुलिस ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल चालान तक सीमित नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा के लिए संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।
इस जागरूकता अभियान में थाना प्रभारी बसंत विहार अशोक राठौर की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उनके नेतृत्व में थाना पुलिस ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें यह समझाया कि वाहन चलाते समय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

लोगों ने हमेशा हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। दून पुलिस की इस पहल से न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी और मजबूत हुआ।
एसएसपी अजय सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऐसे अभियान यह स्पष्ट करते हैं कि देहरादून पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता को सबसे मजबूत हथियार मानती है। थाना प्रभारी अशोक राठौर एवं उनकी टीम का यह प्रयास निश्चित रूप से सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम है।



