
देहरादून
प्रदेश में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तराखंड के सभी जनपदों में बुधवार देर सायं एक साथ सघन एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान शुरू किया गया। यह अभियान निरंतर जारी है और इसका उच्च स्तरीय पर्यवेक्षण सीधे पुलिस मुख्यालय द्वारा किया जा रहा है।

गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। उन्होंने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर जनपद प्रभारियों को सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। IG के फील्ड में उतरने से पूरे महकमे में सक्रियता और जवाबदेही का संदेश साफ दिखाई दिया।
गढ़वाल रेंज के सभी SSP और SP भी अपने-अपने जनपदों में फील्ड में मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं, जिससे कार्रवाई की प्रभावशीलता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई
• प्रमुख मार्गों, शहरों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की आकस्मिक चेकिंग की जा रही है।
• संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ और सत्यापन किया जा रहा है।
• होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और ढाबों की सघन जांच कर आगंतुकों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
• सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और लगातार उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।
• राज्य व जनपद सीमाओं पर बैरियर लगाकर हर वाहन की कड़ी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और अफवाहों से दूर रहें।
उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह की सख्त, निरंतर और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।



