
देहरादून में मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने कोतवाली नगर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत पुलिस गार्ड द्वारा सलामी देने के साथ हुई, जिसके बाद आईजी ने कोतवाली में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने अपराध रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर और आगंतुक रजिस्टर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की।
आईजी ने मालखाने में रखे माल-मुकदमाती के निस्तारण और सरकारी संपत्ति के रख-रखाव पर संतोष जताया। साथ ही थाने में मौजूद असलाहों का सूची से मिलान कर उनकी स्थिति का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मियों से उनके उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने आपदा प्रबंधन उपकरणों के नियमित अभ्यास के निर्देश भी दिए।

कोतवाली परिसर और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ ही सीसीटीएनएस कार्यालय में पोर्टल पर दर्ज मामलों की गुणवत्ता को भी परखा गया। आईजी ने लंबित मुकदमों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि थाने में आने वाले हर फरियादी के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभिन्न पोर्टलों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने और अपराध नियंत्रण के लिए चेकिंग, पिकेट और रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



