
देहरादून/गढ़वाल
रंगों के इस पावन पर्व पर जहां आमजन होली के उत्साह में सराबोर रहे, वहीं खाकी वर्दी ने अपनी जिम्मेदारी को सबसे ऊपर रखा। होली के मद्देनज़र शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गढ़वाल परिक्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया।

आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने खुद कमान संभालते हुए विभिन्न संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों पर तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाया और स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। पीसीआर, मोबाइल टीमें और क्विक रिस्पॉन्स यूनिट लगातार गश्त करती रहीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

त्योहार तो पुलिसकर्मियों का भी होता है, लेकिन आम जनता की सुरक्षा के लिए उन्होंने अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी को प्राथमिकता दी। रंगों के बीच जिम्मेदारी का यह रंग सबसे गहरा नजर आया।
आईजी ने आम नागरिकों से अपील की कि होली सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


