
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दर्शन कार्यक्रम के चलते मां डाट काली मंदिर में 14 अप्रैल तक आम भक्तों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा कारणों से रविवार शाम पांच बजे मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर दिया गया। मंदिर के इतिहास में यह पहला मौका है जब लगातार दो दिनों तक भक्तों के दर्शन पर रोक लगाई गई है।
14 अप्रैल को दोपहर दो बजे बाद खुलेंगे कपाट
मंदिर समिति के अनुसार अब श्रद्धालु 14 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में केवल सुरक्षा एजेंसियों और अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।
प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसी क्रम में मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया निर्णय
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
समिति के सेवादारों के अनुसार, मंदिर में पहली बार इस प्रकार आम भक्तों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
आज सीएम योगी करेंगे निरीक्षण
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मां डाट काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे एलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण करते हुए मंदिर पहुंचेंगे और दर्शन के बाद वापस रवाना होंगे।



