
नए साल के आगमन को लेकर राजधानी देहरादून में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की टीमें चौबीसों घंटे मुस्तैद हैं। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, जिससे नए साल की रात यातायात जाम की स्थिति से बचा जा सके। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी शहर की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों को भी सक्रिय किया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने आमजन से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, संयम और जिम्मेदारी के साथ नए साल का स्वागत करें, ताकि यह जश्न सभी के लिए सुरक्षित और यादगार बन सके।



