उत्तराखंडदेहरादून

प्रधानमंत्री मोदी के 14 अप्रैल प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज

Listen to this article

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बुधवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में उच्चस्तरीय बैठक कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां स्पष्ट कीं। प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री पहले गणेशपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद उनका सड़क मार्ग से देहरादून स्थित गढ़ीकैंट पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस

संभावित रूट को देखते हुए मार्ग सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम स्थल प्रबंधन को प्राथमिकता दी गई है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को पुलिस के समन्वय से पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा गया है।

वहीं मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को मार्ग और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मोबाइल शौचालय और स्वास्थ्य टीम रहेगी तैनात

जिला प्रशासन ने नगर निगम को सड़क मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मोबाइल शौचालय और आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।

मुख्य चिकित्साधिकारी को रूट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

मंच, पार्किंग और यातायात योजना की अलग समीक्षा

बैठक में मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, वीआईपी और आमजन के लिए अलग बैठने की योजना तथा यातायात प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!