RLD में शामिल हुए केसी त्यागी, जयंत चौधरी भी रहे मौजूद; जेडीयू से दिया था इस्तीफा
KC Tyagi joins RLD, Jayant Chaudhary also present; had resigned from JDU

जेडीयू के पूर्व नेता केसी त्यागी, आरएलडी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में आरएलडी में शामिल हो गए। बता दें कि उन्होंने हाल ही में जेडीयू से इस्तीफा दिया था। इस्तीफा देते समय केसी त्यागी ने कहा था कि वह भविष्य को लेकर जल्द ही नई घोषणा करेंगे।
इस वक्त की बड़ी खबर केसी त्यागी को लेकर सामने आई है। दरअसल, हाल ही में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच केसी त्यागी ने जेडीयू से नाता तोड़ लिया था। केसी त्यागी ने जेडीयू से इस्ताफी देते हुए कहा था कि वह भविष्य को लेकर जल्द ही फैसला लेंगे। वहीं अब केसी त्यागी ने अपने अगले फैसले का ऐलान कर दिया है। दरअसल, केसी त्यागी ने रालोद प्रमुख जयंत चौधरी की उपस्थिति में आरएलडी की सदस्यता ग्रहण की। केसी त्यागी, आरएलडी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में आरएलडी में शामिल हो गए।
नीतीश कुमार को लेकर नहीं बदले विचार
दरअसल, केसी त्यागी इससे पहले बिहार में सत्तारूढ़ जेडीयू के साथ थे। उन्होंने हाल ही में जेडीयू से इस्तीफा दिया था और अपने भविष्य के कदम को लेकर जल्द फैसला करने की बात कही थी। केसी त्यागी ने जदयू में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया था। केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ते समय नीतीश कुमार को लेकर कहा था, ”लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान अब भी अपरिवर्तित है।”
कौन हैं केसी त्यागी?
बता दें कि केसी त्यागी का पूरा नाम किशन चंद त्यागी है। उनका जन्म यूपी के गाजियाबाद में हुआ था। उनका राजनीतिक जीवन काफी लंबा रहा है। साल 1970 के दशक से वह लगातार राजनीति में सक्रिय हैं। वह यूपी के हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से 1989 में लोकसभा सांसद बने थे। वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भी रहे और जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रहे। साल 2013 में वह राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुए। उन्हें जेडीयू का 3 बार राष्ट्रीय महासचिव भी बनाया गया। साल 2024 में उन्होंने निजी कारणों से जेडीयू के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल अब केसी त्यागी आरएलडी के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले हैं।


