
देहरादून: अवैध रूप से बढ़ाई जा रही सीटों पर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई, शोरूम सील
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) देहरादून संभाग संदीप सैनी के निर्देश पर गुरुवार 27 फरवरी को ई-रिक्शा और ई-ऑटो एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के लिए गठित टीम में एआरटीओ प्रशासन चक्रपाणि मिश्रा, टीटीओ अनुराधा पंथ एवं आरआई अरविंद यादव शामिल रहे। टीम ने विभिन्न एजेंसियों का निरीक्षण किया, जिसमें पाया गया कि कुछ डीलर और मैन्युफैक्चरर द्वारा अवैध रूप से वाहनों में निर्धारित मानक से अधिक सीटें बढ़ाई जा रही थीं।
प्राथमिक जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी को तत्काल प्रभाव से बंद करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही डीलर और मैन्युफैक्चरर के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
कार्रवाई के क्रम में महालक्ष्मी एंटरप्राइज़ के शोरूम में भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानकों के विरुद्ध वाहन तैयार करने या बेचने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।



