SonamWangchuk : 170 दिन बाद जेल से होंगे रिहा Sonam Wangchuk :- लद्दाख के जाने-माने इनोवेटर, शिक्षा सुधारक और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, जो पिछले लगभग छह महीनों से जेल में बंद थे, अब रिहा होने वाले हैं. गृह मंत्रालय ने उनकी हिरासत रद्द कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को जारी एक बयान में, गृह मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए वांगचुक की हिरासत को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का फैसला किया है. गृह मंत्रालय का स्पष्टीकरण है कि वांगचुक अपनी हिरासत की आधी अवधि पूरी कर चुके हैं।
वांगचुक को 26 सितंबर 2025 को NSA के प्रावधानों के तहत, लेह के जिला मजिस्ट्रेट की ओर से ‘सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने’ के लिए जारी एक आदेश के आधार पर हिरासत में लिया गया था।
गृह मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि वांगचुक NSA के तहत हिरासत की अवधि का लगभग आधा समय पहले ही पूरा कर चुके हैं. सरकार लद्दाख में विभिन्न हितधारकों और समुदाय के नेताओं के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रही है, ताकि इस क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं और चिंताओं को दूर किया जा सके।
हालांकि, बंद और विरोध प्रदर्शनों का मौजूदा माहौल समाज के शांतिप्रिय स्वभाव के लिए नुकसानदायक रहा है और इसने समुदाय के विभिन्न वर्गों को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिनमें छात्र, नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार, व्यवसायी, टूर ऑपरेटर, पर्यटक और कुल मिलाकर अर्थव्यवस्था शामिल हैं।



