
देहरादून

आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देशों पर पूरे जनपद में दून पुलिस द्वारा लगातार सघन आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसीक्रम में शुक्रवार, 05 दिसंबर 2025 को तड़के सुबह से ही नगर व देहात क्षेत्रों के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चेकिंग की गई।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों एवं आंतरिक मार्गों पर आने-जाने वाले निजी व सार्वजनिक वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान लगभग 3506 वाहनों की चेकिंग करते हुए 6374 व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन संबंधित आवश्यक जानकारियां प्राप्त की गईं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की गई।

चेकिंग अभियान के दौरान सभी क्षेत्राधिकारियों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पुलिस कार्रवाई का जायजा लिया, जिससे पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ा।
इसके अतिरिक्त, सांय के समय शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस, डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) की संयुक्त टीमों द्वारा सघन तलाशी अभियान संचालित किया गया। यात्रियों, वाहनों, पार्किंग क्षेत्रों एवं आस-पास के अंधेरे स्थलों की भी बारीकी से जांच की गई तथा संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया।
एसएसपी देहरादून द्वारा समय-समय पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के वृहद स्तर पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
लगातार चल रहे इस अभियान से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है। दून पुलिस का यह प्रयास राजधानी की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।



