
कोतवाली नगर क्षेत्र में 02 फरवरी को हुई युवती की हत्या की सनसनीखेज घटना पर एसएसपी देहरादून ने त्वरित और सख्त कदम उठाते हुए जिला स्तर पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया है। यह एसआईटी पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) के पर्यवेक्षण में काम करेगी।
एसएसपी द्वारा गठित इस एसआईटी को निर्देशित किया गया है कि प्रकरण की विवेचना अत्यंत गहनता, गुणवत्ता और वैज्ञानिक तरीके से की जाए। इसके तहत मौके से भौतिक, वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों का त्वरित संकलन, घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण तथा चश्मदीद गवाहों के बयानों के आधार पर तेजी से कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर को सौंपी गई है। एसआईटी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि साक्ष्यों को मजबूत बनाते हुए जल्द से जल्द आरोप पत्र माननीय न्यायालय में दाखिल किया जाए, ताकि फास्ट ट्रैक ट्रायल के माध्यम से आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
एसआईटी में शामिल अधिकारी:
▪️ क्षेत्राधिकारी नगर
▪️ प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर
▪️ प्रभारी एसओजी
▪️ प्रभारी फील्ड यूनिट
एसएसपी देहरादून की इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि पुलिस इस हत्याकांड को लेकर गंभीर है और मामले को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने में जुट गई है।



