
देहरादून में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। हुड़दंगियों और नियम तोड़ने वालों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल खुद टीम के साथ मैदान में उतरे और पूरे नगर क्षेत्र में चल रहे अभियान की कमान संभाली।

वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश दिए।
पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के ठिकानों पर लगातार औचक छापेमारी की जा रही है। साथ ही, देर रात तक खुले रहने वाले बार और रेस्टोरेंट्स के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। निर्धारित समयावधि का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कई जगहों पर जांच और नोटिस की प्रक्रिया अपनाई गई।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने साफ संदेश दिया है कि शहर में किसी भी तरह की अव्यवस्था और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्ती दोनों का असर साफ नजर आया।



