
देहरादून
देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने मंगलवार को कोतवाली नगर का वार्षिक निरीक्षण करते हुए सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई और कई अहम निर्देश जारी किए गए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालयों में रखे अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। अभिलेखों के समय से अपडेट न होने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें नियमित रूप से अद्यावधिक करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के अनावश्यक रूप से लंबित रहने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। इस पर प्रभारी निरीक्षक और संबंधित जांच अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सभी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो जांचकर्ता प्रार्थना पत्रों को बिना कारण लंबित रखेंगे, उनके खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी।
सीसीटीएनएस सहित एनसीआरबी पोर्टल, सीएम पोर्टल और ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर सूचनाओं को समय से अपडेट करने और ऑनलाइन शिकायतों व सत्यापन कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में बैरकों, आवासीय परिसर और मैस का भी जायजा लिया गया। एसएसपी ने साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने और भोजन की गुणवत्ता बेहतर रखने के निर्देश दिए।
मालखाने के निरीक्षण में लंबित माल मुकदमाती और लावारिस सामान की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। एमवी एक्ट से संबंधित मामलों में भी तेजी लाने को कहा गया।
इसके अलावा, थाना में उपलब्ध असलहों, दंगा नियंत्रण उपकरणों और आपदा प्रबंधन संसाधनों का निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से वेपन हैंडलिंग और क्राइम डिटेक्शन किट का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य संकलन में दक्षता बढ़ाई जा सके।
निरीक्षण के बाद एसएसपी ने सभी अधिकारी और कर्मचारियों की बैठक लेकर अपराध नियंत्रण, विवेचना और न्यायालय से प्राप्त प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही पुलिस कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया।
एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को आश्वस्त किया कि उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



