उत्तराखंड

उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग, जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बड़ी पहल होने जा रही है। प्रदेश सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

 

विश्वविद्यालय और सहायता प्राप्त कॉलेजों के छात्रों को मिलेगा लाभ

 

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को मिलेगा। सरकार का उद्देश्य आर्थिक कारणों से प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी से वंचित रहने वाले युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

 

योजना के तहत युवाओं को सिविल सर्विसेज (UPSC और PCS), CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

 

प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं की भी होगी तैयारी

 

सरकार की प्रस्तावित योजना केवल सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी। इसके तहत CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

 

इससे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को करियर के अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री मिल सकेगी।

 

गैरसैंण विधानसभा सत्र में हुई थी चर्चा

 

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में विचार-विमर्श किया गया था। अब सरकार इस योजना को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी में है।

 

योजना के शुरू होने के बाद प्रदेश के हजारों छात्र घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। सरकार की इस पहल को युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर और गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!