उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। राज्य में अधिकतम तापमान में गिरावट शुरू हो गई है और मंगलवार से गर्मी से और राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तीन से पांच डिग्री तक गिरेगा तापमान
बीते 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सोमवार को 37.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
देहरादून का हाल
28 अप्रैल को राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तीन मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।



