उत्तराखंड

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पकड़े तीन आरोपी, 14 लाख की दिनदहाड़े लूट का खुलासा; चार की तलाश जारी

Listen to this article

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पटेलनगर पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, लूटी गई पूरी रकम बरामद नहीं हो सकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए हैं, जबकि वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी भूमि के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये नकद लेकर अपने साथियों के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइक पर सवार चार-पांच युवकों ने उनका वाहन घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद एसएसपी देहरादून ने पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पटेलनगर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान लूट की साजिश में पीड़ित के परिचित दिनेश तिवारी से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई।

नकदी की जानकारी पहले से थी आरोपियों को

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी जमीन के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1.50 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात में चार अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

शेष रकम और चार आरोपियों की तलाश

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है, लेकिन 14 लाख रुपये में से अभी केवल डेढ़ लाख रुपये ही बरामद हो सके हैं। ऐसे में शेष रकम की बरामदगी और फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!